भोपाल में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हंगामा, बुकिंग कराई, लेने पहुंचे ताे ‘डिलीवर’ दिखाया, उपभोक्ताओं में आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हंगामा, बुकिंग कराई, लेने पहुंचे ताे ‘डिलीवर’ दिखाया, उपभोक्ताओं में आक्रोश


भोपाल, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लालघाटी क्षेत्र में शुक्रवार को एलपीजी सिलेंडर वितरण को लेकर जमकर हंगामा हुआ। प्रियंका गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में उपभोक्ता इकट्ठा हो गए और अव्यवस्था के खिलाफ विरोध जताया।

ग्राहकों का आरोप है कि उन्होंने 4 से 5 दिन पहले गैस सिलेंडर की बुकिंग कराई थी, लेकिन जब वे सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनका सिलेंडर पहले ही “डिलीवर” हो चुका है। जबकि हकीकत में सिलेंडर उनके घर तक पहुंचा ही नहीं था। इस विरोधाभास से नाराज लोगों ने एजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया।

मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं ने बताया कि कई लोग कई दिनों से बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान हैं। वहीं कुछ उपभोक्ताओं के नाम पर सिलेंडर डिलीवरी दिखाकर उन्हें 25 दिन बाद दोबारा बुकिंग करने की सलाह दी जा रही है। ग्राहक अशोक उपाध्याय ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा, “28 मार्च को बुकिंग कराई थी, लेकिन 3 अप्रैल तक सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी पहुंचने पर बताया गया कि डिलीवरी हो चुकी है, जबकि सिलेंडर घर पहुंचा ही नहीं।”

सप्लाई कम, मांग ज्यादा

जानकारी के अनुसार, भोपाल में वर्तमान में 25 हजार से अधिक गैस बुकिंग लंबित हैं। प्रतिदिन करीब 12 से 14 हजार बुकिंग हो रही हैं, जबकि सप्लाई केवल 10 से 11 हजार सिलेंडर तक सीमित है। मांग और आपूर्ति के इस अंतर के कारण वितरण व्यवस्था पर दबाव बढ़ता जा रहा है, जिसका खामियाजा सीधे उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।

प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग

घटना के बाद उपभोक्ताओं ने गैस वितरण प्रणाली की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story