अनूपपुर: हमारे भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर पूरी दुनिया करती है गर्व- राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: हमारे भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर पूरी दुनिया करती है गर्व- राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल


अनूपपुर: हमारे भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर पूरी दुनिया करती है गर्व- राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल


अनूपपुर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा है कि हमारी सरकार मध्य प्रदेश के इतिहास में ऐसी पहली सरकार है जो सनातन संस्कृति के साथ विरासत से विकास की ओर चलने वाली सरकार है। भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर पूरी दुनिया गर्व करती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास के साथ-साथ तीज त्यौहार एवं पर्व मनाने का निर्णय लिया है। आज भारत का नव वर्ष अर्थात विक्रम संवत है, आज के दिन को हम भारतीय संस्कृत में नव वर्ष के रूप में मनाते हैं, विक्रम संवत की शुरुआत अवंती के सुप्रसिद्ध सम्राट विक्रमादित्य द्वारा किया गया था, आज का दिन हिंदू नव वर्ष में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय दिन है। राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल गुरूवार को आयोजित विक्रमोत्सव-2026 कोटि सूर्योपासना कार्यक्रम को संबोधित कर रहें थे।

राज्य मंत्री जायसवाल ने सभी नागरिकों को चैत्र नवरात्रि, गुड़ी पड़वा एवं हिंदू नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि भारत का विक्रम पंचांग वैज्ञानिक पद्धति पर आधारित है और इसे देश का सर्वोत्तम कैलेंडर माना जाता है। इस पंचांग के माध्यम से समय, नक्षत्र, ग्रहों की स्थिति, पूर्णिमा, अमावस्या, सूर्य ग्रहण सहित विभिन्न खगोलीय जानकारियाँ प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू नववर्ष के आगमन के साथ प्रकृति में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलता है, जो नए उत्साह और ऊर्जा का संचार करता है।

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संस्कृति विभाग के माध्यम से हिंदू नववर्ष के अवसर पर पारंपरिक त्योहारों एवं रीति-रिवाजों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे समाज में नई चेतना का संचार हो सके। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में सभी त्योहार हिंदू परंपराओं और विधि-विधान के अनुसार आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय कैलेंडर के अनुसार 1 अप्रैल से 31 मार्च तक वित्तीय वर्ष निर्धारित होता है, जिसके अंतर्गत सभी सरकारी कार्य संपादित किए जाते हैं। कलेक्टर ने नए वर्ष के अवसर पर सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे नई ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करते हुए नए कीर्तिमान स्थापित करें। साथ ही युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी क्षमताओं को पहचानें, अपने करियर के प्रति सजग रहें और अपने लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने ब्रह्म ध्वज का वंदन एवं मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में अमरवाणी नाट्य समिति रीवा द्वारा सम्राट विक्रमादित्य की नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया। इसी प्रकार एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई, प्रस्तुति ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। यह कार्यक्रम महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ संस्कृति विभाग मध्य प्रदेश शासन, मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल एवं जिला प्रशासन अनूपपुर के सहयोग से आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर दिलीप कुमार पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर कमलेश पूरी, डिप्टी कलेक्टर प्राशि अग्रवाल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सरिता नायक, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पूरी, राजेन्द्र तिवारी सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, एवं जिले के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story