ओरछा में 30-31 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर होगा मंथन

WhatsApp Channel Join Now
ओरछा में 30-31 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण पर होगा मंथन


भोपाल, 25 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश कार्यसमिति की आगामी बैठक को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 30 और 31 अगस्त को रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में आयोजित होगी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन मिलेगा और संगठन को मजबूत करने के साथ आगामी रणनीति पर व्यापक मंथन किया जाएगा।

खण्डेलवाल ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तिथि पूर्व में घोषित की गई थी, लेकिन दतिया उपचुनाव के कारण इसे आगे बढ़ाया गया था। अब बैठक 30 अगस्त को सुबह 9 बजे शुरू होगी और 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे इसका समापन होगा। बैठक में केंद्रीय मंत्री, पार्टी की कोर कमेटी के सदस्य, राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी तथा विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष सहित करीब 300 प्रमुख पदाधिकारी एवं नेता शामिल होंगे।

संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर

हेमंत खण्डेलवालने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में भाजपा संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, प्रशिक्षण और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा उनके बेहतर क्रियान्वयन पर भी मंथन होगा। पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संगठन की आगामी दिशा और कार्ययोजना तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी। इसमें पार्टी की मौजूदा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आने वाले समय की प्राथमिकताओं और चुनौतियों पर भी विचार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story