राजगढ़ः तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, एक युवक की मौत, एक गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, एक युवक की मौत, एक गंभीर घायल


राजगढ़, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार दोपहर ब्यावरा-सिरोंज राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपटी जोड़ के पास तेज रफ्तार कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय में जा घुसी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबक‍ि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा इतना जबरदस्त था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रतीक्षालय का बड़ा हिस्सा टूटकर बिखर गया। हादसे में कार सवार शाहिद (36) पिता शरीफखां, निवासी शहीद कॉलोनी ब्यावरा की मौके पर ही मौत हो गई। शाहिद ऑटो चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। उसकी मौत की खबर से परिवार और मोहल्ले में मातम फैल गया।

वहीं, स्विफ्ट डिजायर (एमपी 04 टीए 9464) कार में सवार दूसरा युवक अनिल अवस्थी (35) निवासी ब्यावरा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे कार से बाहर निकालकर तुरंत ब्यावरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार तेज रफ्तार में थी और अचानक टायर फटने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर प्रतीक्षालय में जा टकराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और टायर फटने को दुर्घटना का संभावित कारण बताया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story