राजगढ़ः दांगी समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित, 104 जोड़े षादी के बंधन में बंधे

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः दांगी समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित, 104 जोड़े षादी के बंधन में बंधे


राजगढ़, 20 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा क्षेत्र के ग्राम अतरालिया में सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय दांगी समाज द्वारा भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के 104 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधे।

सुबह से ही पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा। दूर-दूर से आए ग्रामीण, समाजजन और अतिथि बारातियों की तरह सम्मेलन में शामिल हुए। आयोजन के लिए गांव में एक विशाल और आकर्षक पांडाल सजाया गया था। दोपहर बाद विवाह की परंपरागत रस्में शुरू हुईं और शाम करीब 4 बजे पंडितों ने यज्ञ पूर्णाहुति के साथ सभी जोड़ों को सात फेरे कराए। मंच पर समाज के वरिष्ठजनों ने नवविवाहित दंपत्तियों का आशीर्वाद देकर उन्हें सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में दांगी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुरुषोत्तम दांगी, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव ने समाज से अपील की कि शादियों में फिजूलखर्ची को रोकना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो धन दिखावे में खर्च होता है, वह यदि बच्चों की शिक्षा और रोजगार पर लगाया जाए तो परिवार आर्थिक रूप से अधिक मजबूत बन सकता है। अन्य वक्ताओं ने भी सादगी से विवाह आयोजन करने और समाज में आपसी एकता बढ़ाने पर जोर दिया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। दांगी समाज का यह सामूहिक विवाह सम्मेलन सामूहिकता, सादगी और भाईचारे की मिसाल बनकर सामने आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story