राजगढ़ः दो सड़क हादसों में एक की मौत, तीन घायल
राजगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों हादसों में बाइक को अज्ञात तेज रफ्तार वाहनों ने टक्कर मारी। पुलिस ने मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में ग्राम दूधी निवासी 24 वर्षीय अभय पुत्र सुमन सिंह नैनावत अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बाइक से ब्यावरा से दूधी जा रहा था। इसी दौरान भोपाल बाइपास चैराहे के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अभय के पैर में गंभीर चोट आई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया। वहीं उसकी पत्नी और बच्चे को भी हल्की चोटें लगी हैं। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है।
इधर, बीती रात खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिसलाई निवासी 43 वर्षीय हजारीलाल तंवर बाइक से तलावड़ा गांव से अपने गांव की ओर लौट रहा था। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हजारीलाल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ रेफर किया गया, लेकिन घाटोली के पास रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों हादसों में टक्कर मारने वाले वाहनों की तलाश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

