राजगढ़ः अर्टिगा कार पलटने से युवती की मौत, 9 लोग घायल
राजगढ़, 3 मई अप्रैल(हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में ग्राम गादियासड़क ब्रिज के समीप रविवार सुबह अर्टिगा कर पलट गई।हादसे में एक युवती की मृत्यु हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार एमपी 09 बीएल 7178 क्रमांक की अर्टिगा कार ब्यावरा की ओर से रायसेन जा रही थी। गादिया सड़क ब्रिज के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मनीषा (22) पुत्री सेवाराम, निवासी रायसेन, की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में चंद्रेश (40) पुत्र भगवती प्रसाद शर्मा और भीमसिंह (44) पुत्र वरसिंह प्रजापति गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया। इसके अलावा दो बच्चे, दो महिलाएँ सहित कुल नौ लोग घायल बताए गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार कार में सवार सभी लोग बगलामुखी मंदिर में दर्शन कर रायसेन लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार व वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

