अनूपपुर: युवा दिवस पर कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन
अनूपपुर, 12 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले का एकमात्र सीआईएससीई बोर्ड से सम्बद्ध विद्यालय कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, पटना राजेन्द्रग्राम में युवा दिवस के अवसर पर सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुभारंभ में विद्यालय के प्राचार्या अमित कुमार घोष एवं प्रशासक पी. एस. विश्वास द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इन्होंने कहां कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को आज के युवाओं के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए आत्मबल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्राचार्य अमित कुमार घोष ने कहा कि युवा दिवस पर योग और सूर्य नमस्कार जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं तथा स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय के खेल शिक्षक ललित प्रताप ने योग अभ्यास एवं सूर्य नमस्कार की विभिन्न क्रियाओं का संचालन करते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि योग और सूर्य नमस्कार से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मन भी एकाग्र और सकारात्मक बनता है। स्कूल प्रशासक पी. एस. विश्वास ने विद्यार्थियों को नियमित योग अभ्यास को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने अनुशासन का पालन करते हुए विद्यालय परिसर के मैदान में सामूहिक रूप से सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। मंच संचालन शिक्षक विवेक तिवारी एवं रघुनाथ द्विवेदी द्वारा किया गया।
कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन, अमरकंटक में
स्वामी विवेकानंद की जयंती के पर कल्याणिका केन्द्रीय शिक्षा निकेतन, अमरकंटक में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वामी विवेकानंद के विचारों के माध्यम से आत्मविश्वास, राष्ट्रप्रेम और चरित्र निर्माण की भावना को जागृत करना रहा। शुरुआत विद्यालय के उप-प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ की गई। उप-प्राचार्य ने अपने उद्घाटन संबोधन में स्वामी विवेकानंद के जीवन, आदर्शों और युवाओं के प्रति उनके संदेशों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अमरकंटक स्थित रामकृष्ण मठ के स्वामी अद्वैतानंद जी महाराज ने स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन पर अपने प्रेरणादायी विचार साझा करते हुए युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

