गुरुवार को मुख्यमंत्री करेंगे देवास रोड स्थित तरण ताल का लोकार्पण
उज्जैन, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में नगर निगम द्वारा देवास रोड स्थित तरण ताल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का पुनर्निर्माण 8.30 करोड़ रुपए लागत से किया गया है। तरण ताल का लोकार्पण गुरुवार को गुड़ी पड़वा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आतिथ्य में होगा।
बुधवार को निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। ज्ञात रहे नगर निगम द्वारा 8 करोड़ 30 लाख रुपए लागत से देवास रोड स्थित तरणताल पर पुराने स्विमिंग पूल के स्थान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का पुनर्निर्माण किया गया है। इसमें 25 बाय 50 मीटर के पुल का निर्माण किया गया है जिसमें 4.5 फीट से 6.15 फीट तक गहराई रखी गई है। बच्चों के लिए वार्मअप पुल जिसकी गहराई 2.5 से 3 फीट रखी गई है इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल में विजिटर गैलरी बनाई गई है जिसमें 200 से अधिक मेंबर्स के बैठने की सुविधा है। पार्किंग सुविधा, फूड कोर्ट, सिटिंग चेयर, पार्क, आधुनिक फिल्टर प्लांट, शावर की सुविधा, वेटिंग रूम सुविधा भी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

