मंदसौर में धनतेरस पर महालक्ष्मी का करोड़ों की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों से होगा भव्य श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौर में धनतेरस पर महालक्ष्मी का करोड़ों की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों से होगा भव्य श्रृंगार


मंदसौर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में इस बार धनतेरस पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिलेगा। नरसिंहपुरा स्थित अग्रवाल समाज के प्राचीन भगवान श्री नरसिंह मंदिर परिसर में विराजित कुलदेवी महालक्ष्मी जी का करोड़ों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदसौर में पहली बार रतलाम की तर्ज पर होने वाला यह आयोजन छह नवंबर धनतेरस से 10 नवंबर भाई दूज तक चलेगा।

धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार, छह नवंबर को प्रसिद्ध भागवताचार्य डॉ. देवेंद्र शास्त्री धारियाखेड़ी के सानिध्य में सुबह 7.30 से 11.30 बजे तक श्री महालक्ष्मी सहस्त्रार्चन अभिषेक, 108 कनकधारा स्तोत्र के पाठ और सौभाग्य श्रृंगार के विशेष दर्शन होंगे। शाम चार बजे से करोड़ों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों से सजे महालक्ष्मी जी के दरबार के दर्शन शुरू होंगे, जो देर रात तक जारी रहेंगे। रात आठ बजे आतिशबाजी और ढोल-धमाकों के बीच भव्य महाआरती होगी। श्रद्धालुओं को सुबह से ही 251 किलो पेड़े का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

200 से अधिक परिवारों ने दिए नकदी और आभूषण

अग्रवाल समाज देसी पंचायत के अध्यक्ष संजय कल्याणमल मित्तल ने बताया कि नरसिंहपुरा क्षेत्र में अग्रवाल समाज का अति प्राचीन भगवान श्री नरसिंह मंदिर स्थित है। मंदिर के नवनिर्माण और जीर्णोद्धार का कार्य हाल ही में 27 जून को पूरा हुआ है। मंदिर परिसर में भगवान नरसिंह के साथ कुलदेवी महालक्ष्मी जी और दादी रानी सती के विग्रह भी स्थापित किए गए हैं।

कुलदेवी महालक्ष्मी जी की स्थापना के बाद इस वर्ष पहली बार दीपावली का महापर्व मनाया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में अग्रवाल समाज देसी पंचायत ने रतलाम की तर्ज पर मंदिर का भव्य श्रृंगार करने का निर्णय लिया है। इस आयोजन में समाज के 200 से अधिक परिवारों ने सहयोग दिया है। परिवारों की ओर से 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोटों के साथ सोने-चांदी के आभूषण उपलब्ध कराए गए हैं। इन्हीं से महालक्ष्मी जी के दरबार को सजाया जाएगा।

फल-फूलों से सजेगा नरसिंह दरबार

अध्यक्ष मित्तल ने बताया कि भगवान श्री नरसिंह जी के दरबार का श्रृंगार अग्रवाल फ्रेंड्स ग्रुप (एएफजी) परिवार द्वारा फल-फूलों से किया जाएगा, जबकि दादी रानी सती के विग्रह को चुनरी से सजाया जाएगा।

अग्रवाल समाज देसी पंचायत ने मंदसौर की धर्मप्रेमी जनता से धनतेरस पर सपरिवार पहुंचकर भगवान श्री नरसिंह, कुलदेवी महालक्ष्मी जी और दादी रानी सती के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। मंदिर में छह नवंबर धनतेरस से 10 नवंबर भाई दूज तक विशेष श्रृंगार के दर्शन किए जा सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story