नवरात्रि की पंचमी पर चांदी के आभूषणों से सजा नालछा माता का दरबार

WhatsApp Channel Join Now


मंदसौर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि की पंचमी पर गुरुवार को मंदसौर के प्रसिद्ध नालछा माता मंदिर में माता रानी का चांदी के आभूषणों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मंदिर को भी सजाया गया। नवरात्रि शुरू होने के साथ ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।

मध्‍य प्रदेश के मंदसौर स्थित मंदिर में हर वर्ष नवरात्रि की पंचमी पर मां का चांदी के आभूषणों से विशेष श्रृंगार किया जाता है। यह श्रृंगार दशमी तक रहता है। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन करते हैं और आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

दिन में तीन स्वरूपों में दर्शन देने की मान्यता

नालछा माता मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। मान्यता है कि माता रानी दिन में तीन अलग-अलग स्वरूपों में दर्शन देती हैं। सुबह मां के बाल्यावस्था स्वरूप, दोपहर में युवावस्था और शाम को वृद्धावस्था स्वरूप के दर्शन होते हैं। संतान प्राप्ति की कामना से आने वाले श्रद्धालु मंदिर में उल्टा स्वस्तिक बनाकर मन्नत मांगते हैं।

25 अक्टूबर को होगा 3333 कन्याओं का पूजन

नालछा माता मंदिर में 25 अक्टूबर को जय माता दी ग्रुप की ओर से 3333 कन्याओं के पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। आयोजन के दौरान पूजन में शामिल होने वाली कन्याओं को उपहार भी दिए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story