अनूपपुर: चैत्र नवरात्रि पंचमी पर नर्मदा उद्गम हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य डुबकी

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: चैत्र नवरात्रि पंचमी पर नर्मदा उद्गम हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य डुबकी


अनूपपुर, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पावन एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में चैत्र शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि सोमवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर दूर-दूर से आए हजारों भक्तों ने पतित पावनी नर्मदा नदी के तट पर पहुंचकर पुण्य स्नान कर धर्मलाभ अर्जित किया।

सोमवार को प्रातःकाल की पहली किरण के साथ ही नर्मदा उद्गम के रामघाट और कोटि तीर्थ कुंड पर श्रद्धालुओं ने स्नान शुरू किया जो देर शाम तक अनवरत चलता रहा। भक्त श्रद्धा की डुबकी लगाकर अपने जीवन को पवित्र करने का प्रयास करते नजर आए। हर ओर जय मां नर्मदे के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। स्नान उपरांत श्रद्धालुओं ने नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजन-अर्चन किया। भक्तों ने मां नर्मदा से अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र के सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। आस्था से परिपूर्ण इन क्षणों में हर चेहरा श्रद्धा और विश्वास से आलोकित दिखाई दिया।

चैत्र नवरात्रि पंचमी पर लगभग 14 से 15 हजार श्रद्धालु अमरकंटक पहुंचे, जिससे घाटों और मंदिर परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही। दूरस्थ अंचलों से आए तीर्थयात्रियों ने यहां के अन्य धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण किया और अमरकंटक की प्राकृतिक छटा तथा शुद्ध वातावरण का आनंद लिया। नवरात्रि के इस पावन पर्व पर अमरकंटक एक बार फिर श्रद्धा, संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत केंद्र बन गया, जहां आस्था की धारा निरंतर प्रवाहित होती रही और हर हृदय में मां नर्मदा के प्रति अटूट विश्वास और भक्ति का संचार होता रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story