मप्रः ओम जैन व केशव सिंह भदौरिया ने संभाला दायित्व, भाजपा कार्यालय में माल्यार्पण के बाद किया पदभार ग्रहण

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः ओम जैन व केशव सिंह भदौरिया ने संभाला दायित्व, भाजपा कार्यालय में माल्यार्पण के बाद किया पदभार ग्रहण


मप्रः ओम जैन व केशव सिंह भदौरिया ने संभाला दायित्व, भाजपा कार्यालय में माल्यार्पण के बाद किया पदभार ग्रहण


भोपाल, 05 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष ओम जैन एवं मध्य प्रदेश महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं के साथ महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात जैन ने पर्यावास भवन, अरेरा हिल्स एवं श्री भदौरिया ने डीबी मॉल के सामने स्थित कार्यालय पहुंचकर विधि विधान से पूजन-अर्चन कर पदभार ग्रहण किया।

महापुरूषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सेवा करने का लिया संकल्प - ओम जैन

ओम जैन ने पं. दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन करते हुए कहा कि उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर वे जनसेवा का कार्य करेंगे। उन्होंने मोहन यादव और हेमंत खण्डेलवाल का आभार जताते हुए कहा कि गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के माध्यम से आमजन को बेहतर और सुलभ आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विकास पर भी जोर दिया जाएगा।

“कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होगा” - केशव भदौरिया

केशव सिंह भदौरिया ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा से किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के माध्यम से वंचित और जरूरतमंद वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story