राजगढ़: कुएं में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: कुएं में गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, पुलिस जांच में जुटी


राजगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम भियापुरा में शनिवार सुबह कुएं में गिरने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मांगीबाई पत्नी मांगीलाल तंवर सुबह शौच के लिए खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान कुएं की पाल के पास फिसलनभरी मिट्टी पर पैर फिसलने से वे संतुलन खो बैठीं और कुएं में गिर गईं।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान मांगीबाई कुएं में मिलीं। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया गया है कि मांगीबाई पिछले तीन-चार महीनों से भियापुरा में अपने मायके में भाई के घर रह रही थीं। इससे पहले वे ग्राम छापीपुर में अकेली रहती थीं। उनकी एकमात्र बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। फिलहाल महिला के कुएं में गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story