राजगढ़ः खेत पर जा रही वृद्धा के चेहरे पर सियार ने किया हमला
राजगढ़,6 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम लेस्दी में मंगलवार दोपहर खेत पर काम करने जा रही एक वृद्ध महिला पर सियार ने हमला कर दिया। हमले में महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे सियार से बचाया और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय राजगढ़ पहुंचाया। यहां महिला का उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लेस्दी निवासी सरदारबाई (78) पत्नी बापूलाल सौंधिया मंगलवार दोपहर जंगल के रास्ते से खेत पर काम करने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक सियार ने उन पर हमला कर दिया और उनके चेहरे को नोच लिया। हमले से महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सियार को वहां से भगाया और घायल महिला को संभाला। परिजन महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। हमले में चेहरे पर गंभीर जख्म होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में सियार के हमले की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

