ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर भीम आर्मी का प्रदर्शन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
ओबीसी आरक्षण की मांग को लेकर भीम आर्मी का प्रदर्शन, सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी


भोपाल, 25 अगस्त (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री बीपी मंडल की जयंती के अवसर पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी ने मंगलवार को भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मध्य प्रदेश में पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ तत्काल देने और 13 प्रतिशत होल्ड हटाने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव मंडल ने किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।

दामोदर यादव ने कहा कि पिछड़ा वर्ग को मंडल आयोग की सिफारिशों के अनुरूप उसका अधिकार मिलना चाहिए। पार्टी ने प्रदेश में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण पूरी तरह लागू करने तथा लंबित 13 प्रतिशत हिस्से पर लगी रोक हटाने की मांग उठाई है। ज्ञापन में निजी क्षेत्र के संस्थानों में भी आबादी के अनुपात में आरक्षण लागू करने की मांग की गई। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग को पदोन्नति में आरक्षण देने तथा विधानसभा और लोकसभा में ओबीसी वर्ग के लिए राजनीतिक आरक्षण का प्रावधान करने की मांग केंद्र सरकार तक पहुंचाने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग भी की। पार्टी नेताओं का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने चाहिए, ताकि युवाओं को राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व विकसित करने का अवसर मिल सके।

धार्मिक ट्रस्टों को सरकारी नियंत्रण में लेने की मांग

धरने के दौरान धार्मिक ट्रस्टों के संचालन और उनकी गतिविधियों को लेकर भी मांगें उठाई गईं। दामोदर यादव ने बागेश्वर धाम, कुबेरेश्वर धाम, नवग्रह सहित अन्य धार्मिक ट्रस्टों को सरकारी नियंत्रण में लेकर धर्मस्व विभाग के माध्यम से संचालित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक गतिविधियों के नाम पर होने वाली कथित अनियमितताओं और पाखंड पर निगरानी के लिए ट्रस्टों के संचालन में पारदर्शिता जरूरी है। पार्टी ने ऐसे ट्रस्टों की जांच कराने और आवश्यक होने पर उन्हें धर्मस्व विभाग के अधीन संचालित करने की मांग की।

नवग्रह ट्रस्ट की गतिविधियों की जांच की मांग

दामोदर यादव ने नरोत्तम मिश्रा से जुड़े नवग्रह ट्रस्ट का भी उल्लेख किया और उसकी गतिविधियों की जांच की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सभी धार्मिक ट्रस्टों की गतिविधियां पारदर्शी होनी चाहिए और किसी प्रकार की शिकायत सामने आने पर सरकार को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। आजाद समाज पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में पार्टी और भीम आर्मी के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रतिनिधि को सौंपा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story