भांडेर सीएचसी में नर्सिंग स्टाफ का विरोध, सीबीएमओ पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भांडेर सीएचसी में नर्सिंग स्टाफ का विरोध, सीबीएमओ पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप


दतिया, 23 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ ने खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) डॉ. इंद्रेश कुमार दोहरे पर अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। शनिवार को नर्सिंग स्टाफ ने सामूहिक रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में लंबे समय से तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। अवकाश मांगने पर कर्मचारियों से अपमानजनक भाषा में बात की जाती है और छुट्टी स्वीकृत होने के बाद भी अनुपस्थित दर्ज कर वेतन काटने की धमकी दी जाती है।

नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर निलंबन और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है। इतना ही नहीं, मरीजों और अन्य लोगों के सामने कर्मचारियों को “अनपढ़” और “काम नहीं आता” जैसे शब्द कहकर अपमानित किया जाता है, जिससे उनकी गरिमा और मनोबल दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

कर्मचारियों ने बताया कि लगातार मानसिक दबाव और भय के वातावरण में काम करना मुश्किल होता जा रहा है। इसका असर कर्मचारियों की कार्यक्षमता के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि अस्पताल में सम्मानजनक और तनावमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

भांडेर सीएचसी जिले के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में नर्सिंग स्टाफ द्वारा सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराना अस्पताल की कार्यप्रणाली और प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

इस मामले में सीएमएचओ डॉ. बी.के. वर्मा ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story