एनएसयूआई बैठक में छात्र हितों के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर
राजगढ़, 10 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा नगर में बुधवार को एनएसयूआई की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी ने सामाजिक समरसता, भाईचारे और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के रामराज्य की अवधारणा ऐसे समाज की है, जहां सभी वर्गों को समान सम्मान और अवसर प्राप्त हों तथा किसी प्रकार का भेदभाव न हो।
दांगी ने भगवान राम और शबरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जाति या वर्ग के आधार पर भेदभाव का सामना नहीं करना चाहिए और समाज में समानता की भावना को मजबूत किया जाना चाहिए।
छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसी घटनाओं से विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं और छात्र संगठनों से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, छात्र समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान रामचंद्र दांगी ने कार्यकर्ताओं को सामाजिक और राजनीतिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए संगठन के प्रति सक्रियता बढ़ाने का आग्रह किया।
बैठक में जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष चैनसिंह गुर्जर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल शिवहरे, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शिव दांगी, जनपद सदस्य विष्णु गुर्जर, सरपंच राधेश्याम, ईश्वरसिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

