राजगढ़ः राज्यसभा नामांकन और नीट मुद्दे पर कांग्रेस-एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुतला दहन की कोशिश नाकाम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः राज्यसभा नामांकन और नीट मुद्दे पर कांग्रेस-एनएसयूआई का प्रदर्शन, पुतला दहन की कोशिश नाकाम


राजगढ़,19 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन करने की घोषणा की थी, लेकिन प्रशासन की अनुमति नहीं मिलने और भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। बस स्टैंड क्षेत्र में आयोजित प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन स्थल पर पहले से ही पुलिस बल तैनात था।

पुलिस अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट कर दिया कि पुतला दहन की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद कुछ कार्यकर्ता पुतला लेकर प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उसे जब्त कर लिया, जिससे पुतला दहन की योजना सफल नहीं हो सकी। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में जवान तैनात किए थे। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए राजनीतिक माहौल गरमाया रहा, लेकिन कहीं भी तनाव या अप्रिय स्थिति नहीं बनी। एनएसयूआई पदाधिकारी एलकार सौंधिया ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने नीट पेपर लीक प्रकरण को लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन में एनएसयूआई पदाधिकारियों, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story