राजगढ़ः स्कूल के सामने से कचरा घर हटाने की मांग पर एनएसयूआई का धरना

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः स्कूल के सामने से कचरा घर हटाने की मांग पर एनएसयूआई का धरना


राजगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर के शासकीय स्कूल के सामने कचरा जमा होने और गंदगी से परेशान विद्यार्थियों को राहत दिलाने की मांग को लेकर शनिवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि स्कूल के सामने बने कचरा घर को हटाकर यहां कचरा फेंकने पर स्थायी रूप से रोक लगाई जाए। इसके बाद ग्राम पंचायत ने 22 अक्टूबर को कचरा घर तोड़ने का लिखित आश्वासन दिया। लिखित भरोसा मिलने पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।

एनएसयूआई मलावर टीम के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्कूल के सामने कचरा जमा होने से बच्चों को गंदगी और बदबू के बीच पढ़ाई करनी पड़ रही है। इससे उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। केवल एक दिन सफाई कराने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि ऐसी व्यवस्था जरूरी है, जिससे भविष्य में यहां कचरा नहीं फेंका जाए। धरना के दौरान मलावर थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा की मौजूदगी में ग्राम पंचायत के सरपंच रोडसिंह भिलाला ने एनएसयूआई नेता ईश्वर गुर्जर को लिखित पत्र सौंपा। इसमें 22 अक्टूबर को कचरा घर तोड़ने और भविष्य में उस स्थान पर कचरा नहीं डालने देने का आश्वासन दिया गया।

स्कूल प्राचार्य हितेंद्र नागर ने भरोसा दिलाया कि आगे से स्कूल के सामने गंदगी नहीं होने दी जाएगी। दोबारा ऐसी स्थिति बनने पर उन्होंने इसकी जिम्मेदारी लेने की बात कही। वहीं, थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने संबंधित स्थान पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने की बात कही, ताकि वहां कचरा फेंकने वालों पर नजर रखी जा सके। पंचायत, स्कूल प्रबंधन और पुलिस की ओर से आश्वासन मिलने के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। धरने में ईश्वर गुर्जर, सुभाष यादव, जयेंद्र गुर्जर, गोविंदसिंह गुर्जर, लक्की योगी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story