आगरमालवाः ई-विवेचना प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस को मिले कुल 153 टैबलेट्स

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवाः ई-विवेचना प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पुलिस को मिले कुल 153 टैबलेट्स


आगरमालवा, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले की पुलिस को सीसीटीएनएस परियोजना अंतर्गत राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) द्वारा ई-विवेचना प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कुल 153 टैबलेट्स उपलब्ध कराए गए हैं।

आधुनिक तकनीक आधारित अनुसंधान प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा भारतीय न्याय संहिता की भावना के अनुरूप पीड़ितों को समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरूवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित किये गये कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों के विवेचकों को में टैबलेट वितरण किये गये।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सोनी ने कहा कि वर्तमान समय में प्रभावी पुलिसिंग का आधार तकनीक है। आधुनिक तकनीक के समुचित उपयोग से ही अनुसंधान की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ई-विवेचना प्रणाली केवल कागजी कार्यवाही को डिजिटल स्वरूप देने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन है। उन्होने आगे कहा कि ई-विवेचना प्रणाली लागू होने से प्रथम सूचना पत्र, गिरफ्तारी पत्रक, जप्ती पत्रक, कथन, केस डायरी, अंतिम प्रतिवेदन (चालान) सहित संपूर्ण अनुसंधान प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपादित होगी। इससे दस्तावेजों के संधारण में पारदर्शिता आएगी, समय की बचत होगी तथा न्यायालयीन प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी एवं सुगम बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story