शहडोल: भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, उफनते नाले में फंसी बस, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, उफनते नाले में फंसी बस, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला


शहडोल: भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, उफनते नाले में फंसी बस, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला


शहडोल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को शहडोल-सिंहपुर मार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस उफनते नाले में फंस गई, हालांकि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं मेडिकल कॉलेज परिसर में एक कार पर पेड़ गिर गया, जिसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

यह घटना तब हुई जब बस शहडोल से सिंहपुर होते हुए डिंडोरी जा रही थी। नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद चालक ने बस को पार करने का प्रयास किया। नाले के बीच पहुंचते ही बस तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई, जिससे बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने और उफनते नदी-नालों को पार न करने की अपील की है। पुलिस बस चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।दूसरी घटना में, लगातार बारिश के बीच शहडोल मेडिकल कॉलेज परिसर में एक महुआ का पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी एक कार दब गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के बाद परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा गार्डों ने तत्काल अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिले में बारिश के कारण जलभराव, नदी-नालों के उफान और पेड़ गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने का आग्रह किया है।

---------------

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story