भोपाल आईएसबीटी से गैर संचालित बसें हटेंगी, फायर हाइड्रेंट भी लगाए जाएंगे

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल आईएसबीटी से गैर संचालित बसें हटेंगी, फायर हाइड्रेंट भी लगाए जाएंगे


भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराज्यीय बस टर्मिनस (आईएसबीटी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबे समय से परिसर में खड़ी गैर संचालित बसों को हटाने के लिए उनके संचालकों को नोटिस जारी करने और जुलाई 2026 से अब तक का किराया वसूलने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आईएसबीटी परिसर में बसों को केवल यात्रियों को बैठाने और उतारने की निर्धारित अवधि तक ही खड़ा रखा जाए। परिसर को पार्किंग स्थल या गैरेज नहीं बनने दिया जाए।

निगम आयुक्त ने आईएसबीटी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए फायर हाइड्रेंट स्थापित करने तथा विद्युत वायरिंग की जांच कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परिसर में नियमित साफ-सफाई और व्यापक स्तर पर धुलाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने बीसीएलएल, पीएम ई-बसों और आईएसबीटी से संचालित अन्य बसों के संचालन की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कुछ बसें लंबे समय से आईएसबीटी स्थित बस डिपो में खड़ी हैं और उनका संचालन नहीं हो रहा है। इस पर आयुक्त ने संबंधित बस संचालकों को नोटिस जारी कर बसें हटाने और जुलाई 2026 से वर्तमान तक का किराया वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से संचालित होने वाली बसों को भी यात्रियों के चढ़ने और उतरने की अवधि से अधिक समय तक परिसर में खड़ा नहीं रखा जाए।

निगम आयुक्त ने आईएसबीटी परिसर में रखी साइकिलों और ई-बाइसिकल के संबंध में जानकारी लेते हुए कहा कि वे स्वयं इनका परीक्षण करेंगे। उन्होंने साइकिलों और ई-बाइसिकल का सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर संचालन कराने के लिए निविदा जारी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने वर्मा ट्रैवल्स के मैनेजर से भी बातचीत की और गैर संचालित बसों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी समय में आईएसबीटी से बसों का संचालन करने वाली ट्रैवल्स एजेंसियों के संचालकों के साथ बैठक की जाएगी, ताकि व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त सुमित कुमार पांडे, उपायुक्त भुवन गुप्ता और चंचलेश गिरहारे सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story