गेहूं खरीदी केंद्रों पर न लगे लंबी लाइन, किसानों को न हो परेशानी
मंदसौर, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले की कलेक्टर अदिति गर्ग की अध्यक्षता में सुशासन भवन स्थित सभागार में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि गेहूं खरीदी केंद्रों पर किसानों की लंबी लाइन नहीं लगनी चाहिए। जिन किसानों का स्लॉट बुक है, उनका गेहूं समय पर तौलकर तुरंत मुक्त किया जाए। केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न हो तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। 9 मई तक गेहूं खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग जारी रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सोसायटी स्तर पर खरीदी कार्य में वेयरहाउस कर्मचारी हस्तक्षेप न करें। गेहूं की गुणवत्ता जांच सर्वेयर द्वारा सही तरीके से की जाए तथा फील्ड में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। बैठक में हम्माल व्यवस्था, तौल व्यवस्था, भंडारण एवं परिवहन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
श्रम विभाग को संबल योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। स्कूल शिक्षा विभाग को विद्यालयों की छत मरम्मत संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने तथा प्रवेश प्रक्रिया में कोई भी बच्चा वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को पोषण ट्रैकर में बच्चों की सही प्रविष्टि तथा एएनसी प्रबंधन के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर ने सभी निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की समय सीमा में अनावश्यक विस्तार न किया जाए। ऐसा करने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जल गंगा जल संवर्धन अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाए। कलेक्टर ने बताया कि 25 मई को जिले सहित ग्राम और वार्ड स्तर पर जल संरक्षण आधारित कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें श्रमदान भी किया जाएगा। जिला स्तर पर शिवना नदी में श्रमदान तथा शाम को मां शिवना की आरती का आयोजन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

