नपा की एएचपी योजना में जमीन के नहीं मिल रहे खरीदार, विकास कार्य अधूरे
शिवपुरी, 29 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना 'सबको अपना घर मिले' की रफ्तार थमती नजर आ रही है। यहां नगर पालिका द्वारा 1000 से अधिक प्रधानमंत्री आवास निर्माणाधीन हैं, वहीं एएचपी योजना के तहत एमआईजी, एलआईजी सहित अन्य साइज के प्लॉट काटकर बेचे जाने थे, लेकिन विकास कार्य नहीं होने से योजना परवान नहीं चढ़ पा रही है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका ने प्लॉट विक्रय के लिए 4 से 5 बार विज्ञप्ति प्रकाशित की, लेकिन ज्यादा खरीदार सामने नहीं आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका को पहले टीएनसीपी प्लान के अनुरूप रोड, विद्युतीकरण, पार्क सहित अन्य विकास कार्य कराने चाहिए थे, उसके बाद प्लॉट विक्रय करना चाहिए था। इसके अलावा प्लॉटों की दरें भी अधिक बताई जा रही हैं। छोटे प्लॉट की कीमत लगभग 15 लाख और बड़े प्लॉट की 22 लाख रुपये रखी गई है, जबकि यह क्षेत्र शहर से करीब 3 किलोमीटर दूर है और शाम होते ही यहां अंधेरा छा जाता है।
वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना में भी हितग्राही परेशान हैं। 1000 से अधिक आवासों के लक्ष्य में से अभी तक लगभग 600 आवास ही बन पाए हैं। आरोप है कि कई लोगों के पैसे जमा होने के बाद भी उन्हें आवास नहीं मिले हैं। शेष आवासों का निर्माण ठेकेदार को पेमेंट न होने के कारण रोक दिया गया है। मौके पर बिजली, पानी और सड़क की समस्या भी बनी हुई है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर पालिका पहले मौके पर बुनियादी विकास कार्य पूरे करे, तभी लोग प्लॉट खरीदने और यहां रहने में दिलचस्पी दिखाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

