राजगढ़ः निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः निर्जला एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब


राजगढ़, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर गुरुवार को ब्यावरा शहर पूरी तरह श्याम भक्ति में रंगा नजर आया। हाईवे स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

मंदिर समिति के अनुसार हजारों भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन कर सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलकामना का आशीर्वाद लिया। पूरे दिन मंदिर परिसर जय श्री श्याम के जयघोष, भजनों और आरतियों से गूंजता रहा।

निर्जला एकादशी को वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण एकादशियों में माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन श्रद्धापूर्वक व्रत और भगवान विष्णु की आराधना करने से सभी एकादशियों के पुण्य के बराबर फल प्राप्त होता है। इसी आस्था के चलते अलसुबह मंगला आरती से ही मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगना शुरू हो गई थीं, जो शाम तक बनी रही।

इस अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार उज्जैन से मंगवाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया। फूलों की मनमोहक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और विद्युत झालरों से सजे मंदिर ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवी बना रहा। शहर के अलग-अलग मोहल्लों और आसपास के गांवों से भव्य निशान यात्राएं भी निकाली गईं। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और जयकारों के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किए। पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन, प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात सुचारू रखने के लिए डायवर्जन किया गया। स्वयंसेवकों ने पेयजल, प्रसाद, छाया और दर्शन व्यवस्था संभालकर श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story