मध्य प्रदेश में रातें होने लगीं ठंडी, अमरकंटक में पारा 13 डिग्री पर पहुंचा, 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में रातें होने लगीं ठंडी, अमरकंटक में पारा 13 डिग्री पर पहुंचा, 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं


मध्य प्रदेश में रातें होने लगीं ठंडी, अमरकंटक में पारा 13 डिग्री पर पहुंचा, 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं


भोपाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पश्चिमी हिस्से में पिछले 8 दिन से जारी बारिश का दौर अब थम गया है। अगले 4 दिन प्रदेश में कहीं भी आंधी या बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान रात के तापमान में गिरावट आने और ठंडक बढ़ने का अनुमान है। सीजन में पहली बार प्रदेश में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो सकती है। रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक कमी आने का अनुमान है। अनूपपुर जिले के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, कटनी के करौंदी में पारा 13.1 डिग्री, दमोह में 14.5 डिग्री और शाजापुर में 15.6 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा नीमच के मरुखेड़ा, रीवा और उमरिया में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान में गिरावट के चलते सुबह और देर रात ठंडक का असर बढ़ने लगा है।

दिन के तापमान में भी गिरावट

प्रदेश में दिन के तापमान में भी 1 से 2 डिग्री की कमी दर्ज की गई है। खजुराहो, रतलाम, गुना, खरगोन, भोपाल, खंडवा, छतरपुर, ग्वालियर, बालाघाट, राजगढ़, उज्जैन, मंडला और सागर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा।

शुक्रवार को कहीं बादल, कहीं बूंदाबांदी

शुक्रवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) का प्रभाव इंदौर और उज्जैन संभाग में ज्यादा रहा। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में कहीं तेज बारिश हुई, तो कहीं बूंदाबांदी दर्ज की गई। दूसरी ओर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में धूप खिली रही। इंदौर संभाग में शुक्रवार को मौसम बदला रहा। आलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा और बैतूल में कहीं बादल छाए रहे, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई।

अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में फिर बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर बारिश हो सकती है। नए मौसम सिस्टम के कारण उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में इसका असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान रात के तापमान में भी गिरावट का अनुमान है। ऐसे में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में प्रदेश में बारिश और ठंड, दोनों का असर बना रह सकता है। फिलहाल अगले 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं होने से मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765819 Articles

Share this story