प्रदेश का गौरव बढ़ाते हुए जनता की आकांक्षाओं पर खरे उतरेंगे नवनियुक्त मंत्रीः विष्णुदत्त शर्मा

WhatsApp Channel Join Now

भोपाल, 09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने केन्द्रीय मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश को समुचित प्रतिनिधित्व दिए जाने पर प्रदेश की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने रविवार को अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल में मध्यप्रदेश को प्रतिनिधित्व देकर प्रदेश की जनता का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाकर प्रदेश की जनता ने बताया कि एमपी के मन में मोदी हैं। उसी प्रकार मंत्रिमण्डल में समुचित प्रतिनिधित्व देकर प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि मोदी के मन में एमपी है।

प्रधानमंत्री मोदी के नए मंत्रिमंडल में पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वरिष्ठ नेता डॉ. वीरेन्द्र कुमार, वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद दुर्गादास उईके एवं सांसद सावित्री ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इस पर प्रसन्नता जताते हुए सभी नवनियुक्त मंत्रियों को बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यू इंडिया का जो सपना देखा है, उसे साकार करने में सभी नेताओं को सक्रिय सहयोग देने का अवसर मिला है और उनके दीर्घ अनुभवों का लाभ भी देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता के लिए यह गौरव का विषय है कि मोदी सरकार में तीसरी बार भी मध्यप्रदेश को बेहतर प्रतिनिधित्व मिला है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story