मध्य प्रदेश में सर्दी का नया रिकॉर्ड, कटनी के करौंदी में पारा 6.1 डिग्री, भोपाल में पांचवें दिन शीतलहर का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में सर्दी का नया रिकॉर्ड, कटनी के करौंदी में पारा 6.1 डिग्री, भोपाल में पांचवें दिन शीतलहर का अलर्ट


मध्य प्रदेश में सर्दी का नया रिकॉर्ड, कटनी के करौंदी में पारा 6.1 डिग्री, भोपाल में पांचवें दिन शीतलहर का अलर्ट


- दमोह, कटनी और शाजापुर में भी सर्द हवाएं चलने की संभावना

भोपाल, 28 नवम्बर (हि.स.) । उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन में अब तक का सबसे कम तापमान है। राजधानी भोपाल में लगातार पांचवें दिन शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि डिंडौरी में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 15 मीटर रह गई।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में पिछले चार दिनों से शीतलहर का असर बना हुआ है। शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन भी राजधानी के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा दमोह, कटनी और शाजापुर में भी सर्द हवाएं चलने की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम में आए बदलाव और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। प्रदेश में पिछले छह दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक ठंड का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है। इस दौरान रात के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है।

करौंदी में सबसे कम तापमान, भोपाल में 8.6 डिग्री

कटनी जिले का करौंदी प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां बीती शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दमोह में पारा 6.6 डिग्री रहा। शहडोल के कल्याणपुर और शाजापुर के गिरवर में 8.3 डिग्री, रीवा में 8.4 डिग्री और भोपाल में 8.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। नौगांव में तापमान 9.2 डिग्री, जबकि जबलपुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर बढ़ गया है।

32 शहरों में 15 डिग्री से नीचे रहा पारा

प्रदेश के 32 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। खजुराहो और रायसेन में पारा 10 डिग्री, ग्वालियर में 10.2 डिग्री और दतिया में 10.4 डिग्री रहा। मंडला और सीधी में 10.6 डिग्री, सतना में 10.7 डिग्री तथा शिवपुरी, राजगढ़, गुना और छिंदवाड़ा में 11 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। श्योपुर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री, जबकि इंदौर, मलाजखंड और टीकमगढ़ में 11.5 डिग्री रहा। पचमढ़ी में पारा 12.2 डिग्री और उज्जैन में 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बैतूल, रतलाम, खंडवा, धार और सागर में भी सर्दी का असर बना हुआ है।

भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर में तेज ठंड

राजधानी भोपाल में नवंबर के आखिरी दिनों में लगातार तीसरे साल ठंड का असर तेज बना हुआ है। इस सीजन में अब तक सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 23-24 नवंबर की रात रिकॉर्ड हुआ था। इसके बाद अगली रात पारा 8.8 डिग्री रहा और अब न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

इससे पहले 17 नवंबर 2025 को भोपाल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री और 29 नवंबर को 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 2018 से 2023 के बीच नवंबर में न्यूनतम तापमान सामान्य तौर पर 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बढ़ती ठंड को देखते हुए भोपाल में स्कूलों के खुलने का समय भी बढ़ाया गया है।

डिंडौरी में घना कोहरा, दृश्यता 15 मीटर

ठंड के साथ प्रदेश के कुछ इलाकों में कोहरे का असर भी बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह डिंडौरी में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर करीब 15 मीटर रह गई। इससे सड़कों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका रही।

मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के कारण अगले पांच दिनों तक प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की अतिरिक्त गिरावट का अनुमान है। इससे कई शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। सुबह धुंध और दिन में ठंडी हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784501 Articles

Share this story