न्यू मार्केट के हॉकर्स टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में होंगे शिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
न्यू मार्केट के हॉकर्स टीटी नगर स्टेडियम के पास हाट बाजार में होंगे शिफ्ट


भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में आवागमन सुगम बनाने और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए नगर निगम ने हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही बाजार में फायर वाहन से प्रतिदिन मॉकड्रिल कराने, फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने और दुकानों के सामने पीली लाइन की दोबारा मार्किंग करने पर भी सहमति बनी है।

नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश और अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा के आदेश पर मंगलवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में निगम अधिकारियों और न्यू मार्केट व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें बाजार में नागरिकों की आवाजाही को सुचारु रखने, अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव और अन्य सुविधाओं को व्यवस्थित करने के उपायों पर चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि न्यू मार्केट के नो-व्हीकल जोन में रेहड़ी लगाकर व्यवसाय करने वाले हॉकर्स को टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में विस्थापित किया जाएगा। इसके अलावा बाजार में अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर फायर वाहन प्रतिदिन चलाकर मॉकड्रिल की जाएगी, ताकि आपात स्थिति में पहुंचने और बचाव कार्यों की व्यवस्था को परखा जा सके।

न्यू मार्केट के फुटपाथों पर लोगों की आवाजाही निर्बाध बनाए रखने के लिए उन्हें खाली रखने और दुकानों के सामने पीली लाइन की दोबारा मार्किंग करने का निर्णय लिया गया। बाजार के 45 और 36 चबूतरों पर स्थापित फायर हाइड्रेंट का बेहतर रखरखाव करने और उन्हें सुचारु रूप से चालू रखने पर भी सहमति बनी।

बैठक में जनभागीदारी के माध्यम से न्यू मार्केट क्षेत्र में फायर हाइड्रेंट सिस्टम स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही दुकानदारों को नियमित रूप से विद्युत ऑडिट अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए, ताकि बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।

बैठक में उपायुक्त भुवन गुप्ता, फायर ऑफिसर सौरभ पटेल, प्रभारी अतिक्रमण अधिकारी शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, न्यू मार्केट व्यापारी संघ के अध्यक्ष सतीष गंगराडे, सचिव अजय दवानी सहित निगम के अन्य अधिकारी और व्यापारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760396 Articles

Share this story