धार में 9.71 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण 10 माह से बंद

WhatsApp Channel Join Now
धार में 9.71 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण 10 माह से बंद


धार में 9.71 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण 10 माह से बंद


धार में 9.71 करोड़ के आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण 10 माह से बंद


धार, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार शहर में 9.71 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कार्य पिछले करीब 9-10 महीनों से बंद पड़ा है। निर्माण अधूरा होने के कारण नागरिकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने मंगलवार को विधायक, प्रशासन और नगरपालिका को ज्ञापन सौंपकर रुका हुआ निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने और आवश्यक बजट उपलब्ध कराकर बस स्टैंड को जल्द पूरा कराने की मांग की।

ज्ञापन में नागरिकों ने कहा कि धार शहर की यातायात व्यवस्था और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर स्थिति चिंताजनक है। करोड़ों रुपये की लागत वाली आधुनिक बस स्टैंड की योजना का निर्माण लंबे समय से बंद होने के कारण परिसर बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। रात के समय यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी होने की बात नागरिकों ने कही है।

ज्ञापन में धार के ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर होने का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मध्यप्रदेश पहुंचेंगे। धार भी इन यात्रियों की आवाजाही का महत्वपूर्ण मार्ग रहेगा। ऐसे में आने वाले समय में यात्रियों का दबाव बढ़ना तय है।

नागरिकों का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या और यातायात की जरूरतों को देखते हुए आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण समय पर पूरा होना आवश्यक है। यदि निर्माण में इसी तरह देरी होती रही तो भविष्य में यात्रियों और शहर की यातायात व्यवस्था पर इसका असर पड़ सकता है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बस स्टैंड परिसर में पूर्व से यात्री प्रतीक्षालय की दुकानों का संचालन करने वाले दुकानदारों ने अपनी दुकानों के समायोजन को लेकर पहले भी ज्ञापन दिए हैं। निर्माण कार्य को दोबारा शुरू करते समय इन दुकानदारों के हितों और उनके समायोजन से जुड़े विषयों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण और स्वीकृत परियोजना के रुके हुए निर्माण कार्य को बिना किसी और देरी के पुन: शुरू कराया जाए। साथ ही निर्माण को गति देने के लिए आवश्यक बजट राशि जारी कर आधुनिक बस स्टैंड का काम शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि शहर को बेहतर यात्री सुविधाएं मिल सकें।

नागरिकों ने ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी कि यदि समय रहते निर्माण कार्य शुरू कराने और योजना को पूरा करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए तो उन्हें बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उनका कहना है कि बस स्टैंड का निर्माण केवल एक भवन निर्माण की योजना नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए प्रशासन और संबंधित विभाग को इस पर शीघ्र निर्णय लेकर काम शुरू कराना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

Share this story