नीट परीक्षा विवाद को लेकर मैहर में युवक कांग्रेस का प्रदर्शन, कई कार्यकर्ता हिरासत में
मैहर, 30 मई (हि.स.)। नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर मध्य प्रदेश के मैहर में युवक कांग्रेस ने शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया और जिला अध्यक्ष सौरभ शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन की ओर मार्च किया और ट्रेन रोकने का प्रयास किया। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस पहले से ही सतर्क थी। रेलवे स्टेशन परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी तथा सीएसपी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। स्टेशन के आसपास बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षा घेरा बनाया गया था।
जैसे ही प्रदर्शनकारी रेलवे स्टेशन की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीट परीक्षा मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। हालात तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के बाद युवक कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी विवादों ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संगठन आगे भी आवाज उठाता रहेगा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग जारी रखेगा।
पुलिस और प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और किसी भी अप्रिय स्थिति को उत्पन्न नहीं होने दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

