नीमच: तिलस्वा घाट की खाई में अनियंत्रित हाेकर गिरी पिकअप, तीन मजदूरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
नीमच: तिलस्वा घाट की खाई में अनियंत्रित हाेकर गिरी पिकअप, तीन मजदूरों की मौत


नीमच: तिलस्वा घाट की खाई में अनियंत्रित हाेकर गिरी पिकअप, तीन मजदूरों की मौत


नीमच: तिलस्वा घाट की खाई में अनियंत्रित हाेकर गिरी पिकअप, तीन मजदूरों की मौत


नीमच, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के सिंगोली क्षेत्र स्थित तिलस्वा घाट पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ जब राजस्थान से आ रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। पिछले दो दिनों में इसी घाट पर यह दूसरा बड़ा हादसा है, जिससे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन आरजे 14 जीएन 6549 राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रहा था। इस दाैरान मंगलवार रात करीब 10 बजे तिलस्वा घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। वाहन में पेंट की बाल्टियां भरी हुई थीं, जिनके ऊपर मजदूर बैठे थे। हादसे के बाद बाल्टियों में भरा रंग मजदूरों के शवों और घायलों पर फैल गया, जिससे घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह हो गया। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश के बरेली और गाजीपुर के साथ राजस्थान के जयपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल हुए मोहम्मद जाकिर (40), इदरीस और सोमपाल को सिंगोली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही सिंगोली थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा और तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकालकर सिंगोली अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि रविवार को भी तिलस्वा घाट पर शिव शक्ति ट्रेवल्स की एक बस पलट गई थी, जिसमें 30 यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय नागरिकों ने घाट पर क्रैश बैरियर लगाने, चेतावनी बोर्ड स्थापित करने और गति सीमा तय करने की मांग तेज कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story