नीमच के मनासा में स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटी, सभी सुरक्षित, चालक मौके से फरार, ओवरलोडिंग के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
नीमच के मनासा में स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटी, सभी सुरक्षित, चालक मौके से फरार, ओवरलोडिंग के आरोप


नीमच, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नीमच जिले की मनासा तहसील में बुधवार सुबह एक स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बरखेड़ा-बरखेड़ी मार्ग पर गैलेक्सी पब्लिक कॉन्वेंट स्कूल के विद्यार्थियों को लेकर जा रही वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वाहन में करीब 40 बच्चे सवार बताए जा रहे थे। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद वैन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते मिली मदद से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, वैन बरखेड़ा, बरखेड़ी और पावटी क्षेत्र के विद्यार्थियों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन पलट गई। हादसे के बाद बच्चों में चीख पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

ग्रामीणों ने लगाए ओवरलोडिंग के आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।हालांकि, वैन में क्षमता से अधिक बच्चे सवार होने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों, वाहन की फिटनेस, चालक की भूमिका और स्कूल प्रबंधन की संभावित लापरवाही की जांच कर रही है। साथ ही, दुर्घटना के बाद फरार हुए चालक की तलाश भी की जा रही है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story