ग्वालियर में 06 जरूरतमंद महिलाएं बनी “शक्ति दीदी”, पेट्रोल पंपों पर मिला फ्यूल डिलेवरी का जिम्मा

WhatsApp Channel Join Now
ग्वालियर में 06 जरूरतमंद महिलाएं बनी “शक्ति दीदी”, पेट्रोल पंपों पर मिला फ्यूल डिलेवरी का जिम्मा


- कलेक्टर ने विभिन्न पेट्रोल पंप पर पहुँचकर महिलाओं को बनाया शक्ति दीदी

- अब तक 118 जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी के रूप में बनीं आत्मनिर्भर

ग्वालियर, 28 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में महिला सशक्तिकरण की नई इबारत लिखी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप हुए शक्ति दीदी नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाएं पेट्रोल पंपो पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर का मोर्चा संभाल कर आत्मनिर्भर बन रहीं हैं। गुरुवार को 6 जरूरतमंद महिलाएं “शक्ति दीदी” बनी। जिले में अब तक 118 जरूरतमंद महिलायें शक्ति दीदी नवाचार के माध्यम से आत्मनिर्भर हो चुकी हैं।

जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने गुरुवार को रेसकोर्स रोड स्थित सैनिक फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप पर गायत्री को और केसर फिलिंग स्टेशन पर प्रवीणा को शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने फूल मालायें पहनाकर शक्ति दीदियों का स्वागत किया। साथ ही शक्ति दीदी की जैकेट पहनाई।

कलेक्टर चौहान ने शक्ति दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सब आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें। जिला प्रशासन व पुलिस आप सबकी मदद के लिये तत्पर है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालक को भी निर्देश दिए कि शक्ति दीदियों को कोई समस्या नहीं आनी चाहिए। इस मौके पर सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक एवं सहायक जिला आपूर्ति अधिकारी सौरभ जैन भी उपस्थित रहे।

इसी तरह जिले के विभिन्न अधिकारियों द्वारा बड़ागांव स्थित कामतानाथ फिलिंग स्टेशन पर कल्पना, कम्पू स्थित सुविधा फ्यूल्स पर सोनम व संध्या एवं गोले का मंदिर स्थित इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन पर अनुराधा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story