जबलपुर : एनडीपीएस एक्ट की विवेचना को प्रभावी बनाने पुलिस अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : एनडीपीएस एक्ट की विवेचना को प्रभावी बनाने पुलिस अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण


जबलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ ही विवेचना को कानूनी रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।

पुलिस मुख्यालय भोपाल की नारकोटिक्स शाखा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न थानों से पहुंचे विवेचकों को महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों और जांच की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान एडीपीओ अभिषेक शर्मा, वरिष्ठ एडीपीओ राजवीर सिंह यादव और डीएसपी अपराध उमेश तिवारी ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में साक्ष्यों का संकलन, वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन और विवेचना की गुणवत्ता सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 52-ए के तहत जब्ती और नमूनों से संबंधित प्रक्रिया, घटनास्थल की वीडियोग्राफी, एनडीपीएस टेस्टिंग किट के उपयोग तथा वाणिज्यिक मात्रा के मामलों में आर्थिक अनुसंधान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही पीआईटी एनडीपीएस एक्ट, 1988 के प्रावधानों को भी समझाया गया।

प्रशिक्षकों ने विवेचकों को मादक पदार्थों से संबंधित अपराधों में जांच के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, साक्ष्यों की वैधानिकता और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला का उद्देश्य एनडीपीएस के मामलों में विवेचना को अधिक पारदर्शी, तथ्यपरक और न्यायालय में प्रभावी बनाए रखना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785425 Articles

Share this story