जबलपुर : लाखों के स्वर्ण चांदी के आभूषण पहने सुनरहाई की ऐतिहासिक प्रतिमा की सुरक्षा पर लाईट का सवालिया प्रश्न

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर : लाखों के स्वर्ण चांदी के आभूषण पहने सुनरहाई की ऐतिहासिक प्रतिमा की सुरक्षा पर लाईट का सवालिया प्रश्न


जबलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्रि में मध्य प्रदेश के जबलपुर की ‘नगर सेठानी’ के नाम से प्रसिद्ध मां सुनरहाई माता के दरबार में दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मां के भव्य श्रृंगार और अनगिनत आभूषणों से सुसज्जित अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर भक्त आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। लेकिन दूसरी ओर पंडाल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की बदहाली श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर दुर्गा पंडाल परिसर और आसपास के क्षेत्र में निर्बाध बिजली एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जरूरत है, लेकिन यहां दिन और रात में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या सामने आ रही है। स्थानीय स्तर पर करीब 8 से 10 बार बिजली कटने की शिकायत की जा रही है। इससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सराफ ने शनिवार को बताया कि बार-बार बिजली गुल होने से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। रात के समय अंधेरा छा जाने पर लोगों को मोबाइल की टॉर्च जलाकर रास्ता देखना पड़ता है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बिजली व्यवस्था का सुचारू रहना बेहद जरूरी है।

नवीन सराफ ने बताया कि मां सुनरहाई माता के दरबार में लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों सहित बहुमूल्य जेवरात मौजूद रहते हैं। ऐसे में बार-बार बिजली गुल होने और अंधेरा छाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और मंदिर की सुरक्षा को देखते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता महसूस की जा रही है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं और मंदिर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762799 Articles

Share this story