राजगढ़ः नवीन एसडीएम-तहसील कार्यालय परिसर में मंत्री पंवार- विधायक शर्मा ने किया पौधारोपण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः नवीन एसडीएम-तहसील कार्यालय परिसर में मंत्री पंवार- विधायक शर्मा ने किया पौधारोपण


राजगढ़, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में हरियाली महोत्सव अभियान के तहत शनिवार को नवीन अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसीलदार कार्यालय के संयुक्त शासकीय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसमें प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार और स्थानीय विधायक मोहन शर्मा ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध नागरिक सुविधाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पंवार ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। अंधाधुंध वृक्षों की कटाई, प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन और बढ़ते प्रदूषण के कारण जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा, बढ़ता तापमान और जल संकट जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता और जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे हरियाली महोत्सव एवं जल संरक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

मंत्री पंवार ने नवीन संयुक्त शासकीय परिसर को नरसिंहगढ़ की जनता के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि पहले विभिन्न विभाग अलग-अलग भवनों में संचालित होने से लोगों को परेशानियां होती थीं। अब अधिकांश विभाग एक ही परिसर में उपलब्ध होने से समय की बचत होगी और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता व गति आएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनसमस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। विधायक मोहन शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार लगातार वित्तीय स्वीकृतियां दे रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और प्रशासनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story