मप्र: भोपाल से देशव्यापी कांग्रेस किसान आंदोलन का आग़ाज़ 24 फरवरी से
भाेपाल, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश से किसानों के मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक मुहिम शुरू होने जा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि 24 फरवरी को भोपाल से देशव्यापी ‘किसान सम्मेलन’ और आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के नेतृत्व में शुक्रवार काे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों, प्रभारीगण और नेता प्रतिपक्षों ने भाग लिया। इस दौरान भारत–अमेरिका ट्रेड डील पर गंभीर और विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार द्वारा किया गया यह व्यापार समझौता किसानों के हितों के प्रतिकूल है और इससे देश के अन्नदाता को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
“अमेरिका के दबाव में हुआ समझौता” – पटवारी
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के हितों की अनदेखी करते हुए अमेरिका के दबाव में यह डील की है। उनके अनुसार, इस समझौते के बाद सोयाबीन, मक्का, गेहूं और कपास जैसी प्रमुख फसलों के दामों में गिरावट आई है, जिसका सबसे ज्यादा असर मध्यप्रदेश के किसानों पर पड़ा है।
गांव-गांव तक जाएगी मुहिम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इस डील के विरोध में पूरे देश में किसान सम्मेलन आयोजित करेगी। पार्टी का उद्देश्य इस मुद्दे को गांव-गांव तक पहुंचाकर किसानों को जागरूक करना और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित संघर्ष करना है।
भोपाल से होगा राष्ट्रीय आगाज़
24 फरवरी को भोपाल में आयोजित पहले किसान सम्मेलन में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी स्वयं उपस्थित रहेंगे। पार्टी नेतृत्व इस मंच से आंदोलन की रूपरेखा और आगे की रणनीति तय करेगा। जीतू पटवारी ने प्रदेश के किसानों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर किसानों के हक और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

