जबलपुर : रांझी के सेंट्रल एकेडमी स्कूल में फटा-गंदा तिरंगा मिलने का आरोप
जबलपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रांझी स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल परिसर में राष्ट्रध्वज के कथित रूप से फटे और गंदे हालत में फहराए जाने का मामला सामने आया है। तिरंगे की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। मामले को लेकर कई लोगों ने रांझी थाने पहुंचकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लिखित शिकायत की है।
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को तिरंगे की स्थिति से संबंधित फोटो और वीडियो फुटेज भी सौंपे हैं। उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से जिले के निजी एवं सरकारी स्कूलों में राष्ट्रध्वज के रखरखाव की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि शिक्षण संस्थानों में बच्चों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और उसके नियमों की जानकारी दी जाती है, इसलिए स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
रविवार को शिकायतकर्ताओं ने बताया कि राष्ट्रध्वज देश की संप्रभुता, सम्मान और नागरिकों के गौरव का प्रतीक है। ऐसे में किसी शिक्षण संस्थान में तिरंगे के रखरखाव को लेकर लापरवाही सामने आना गंभीर विषय है। उनका आरोप है कि स्कूल परिसर में फटे और गंदे तिरंगे को फहराया जा रहा था, जिस पर समय रहते स्कूल प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया।
रांझी थाना पुलिस के अनुसार लोगों की ओर से आवेदन दिया गया है तथा उसके साथ फोटो और वीडियो फुटेज भी उपलब्ध कराए गए हैं। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि राष्ट्रध्वज की कथित स्थिति के लिए कौन जिम्मेदार है और मामला जानबूझकर हुई लापरवाही का है या किसी अन्य कारण से ऐसा हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

