मंदसौरः शिक्षा से विकसित भारत थीम के अंतर्गत देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता संपन्न
मंदसौर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 की थीम एन.ई.पी. 2020: शिक्षा से विकसित भारत्व के अंतर्गत माह अक्टूबर की गतिविधि प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वनस्पतिशास्त्र विभाग द्वारा गुरुवार को आयोजित की गई। थीम के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक एवं कला कार्यक्रमों की श्रृंखला में देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता आयोजित हुई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात वनस्पतिशास्त्र विभाग की ओर से महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे एवं आमंत्रित निर्णायकगणों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे.एस. दुबे ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत विद्यार्थियों के अकादमिक एवं शैक्षणिक विकास के साथ ही शिक्षणेतर गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
देशभक्ति गीत गायन प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा सिंह, रसायनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष खुशबू मंडावरा एवं अर्थशास्त्र विभाग के डॉ. आशीष खिमेसरा उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप बी.ए. प्रथम वर्ष के सुमित मालवीय एवं श्रद्धा शर्मा को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। तृतीय पुरस्कार एम.ए. तृतीय वर्ष (इतिहास) के निखिल को, द्वितीय पुरस्कार एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर (वनस्पतिशास्त्र) की ज्योति को तथा प्रथम पुरस्कार बी.एससी. तृतीय वर्ष की छात्रा रेविका सेनापति को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंत में तीनों निर्णायकगण द्वारा भी एक-एक देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर (वनस्पतिशास्त्र) की छात्रा सलोनी बैरागी ने किया तथा आभार प्रदर्शन वनस्पतिशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार शर्मा ने किया। विजेता प्रतिभागियों को आइ.क्यू.ए.सी. की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

