प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदल रहा है राष्ट्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
- मुख्यमंत्री ने जनजातीय हस्तियों और प्रतिभाओं को किया सम्मानित
भोपाल, 02 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति के माध्यम से युवाओं तक भारतीय संस्कृति से जुड़ने का संदेश पहुंचाया। हमारा जनजातीय समाज भी भगवान श्रीकृष्ण की मुरली और मयूर पंख के उपयोग के साथ संपूर्ण समाज से जुड़कर समरस भाव से रहता आया है। भारतीय सिनेमा ने भी राष्ट्र भक्ति के विचार को सशक्त बनाना प्रारंभ किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में एक सुखद परिवर्तनशील वातावरण को हम देख रहे हैं। राष्ट्र बदल रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में एक निजी टीवी चैनल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 'जनजातीय प्रज्ञा' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना के कठिन दौर में नागरिकों को जीवन रक्षा के लिए वैक्सीन की व्यवस्था की गई। भारत दुनिया की आर्थिक शक्ति बना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में जनजातीय वर्ग के कल्याण और सम्मान, स्वास्थ्य क्षेत्र, पर्यावरण और वन्य प्राणी संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कार्यक्रम में जनजातीय समाज से जुड़ी प्रदेश के विभिन्न हस्तियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इनमें पद्मश्री अर्जुन धुर्वे-डिंडोरी, फुलझरिया बाई-डिंडोरी, सूर्यभान मरावी-बालाघाट, साक्षी भवड़िया-अलीराजपुर, प्रियंका - अलीराजपुर, रोहित वैशाखी-बड़वानी और बसंती देवी-अनूपपुर शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

