आंगनवाड़ी केंद्र में चला ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान, महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
आंगनवाड़ी केंद्र में चला ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ अभियान, महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक


जबलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी अभियान ‘नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0’ के तहत जीआरपी थाना जबलपुर द्वारा शनिवार को नेहरू कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं, बच्चों और नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सके।

जीआरपी जबलपुर द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम में सउनि गोपाल सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक दीपक, प्रधान आरक्षक संजय तथा प्रधान आरक्षक हेमंत की सक्रिय एवं सराहनीय सहभागिता रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाया जाता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story