नरसिंहपुर: तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार की रिश्वत लेते स्टेनो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुर: तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में ईओडब्ल्यू की बड़ी कार्रवाई, 30 हजार की रिश्वत लेते स्टेनो गिरफ्तार


नरसिंहपुर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा एसडीएम कार्यालय में गुरुवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय में पदस्थ स्टेनो को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई से एसडीएम कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, तेंदूखेड़ा निवासी कालोनाइजर संजय राय ने अपनी कॉलोनी की टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएनसीपी) संबंधी फाइल की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि स्टेनो सौरभ यादव ने फाइल आगे बढ़ाने और निरीक्षण रिपोर्ट लगाने के एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।

पीड़ित ने इसकी शिकायत ईओडब्ल्यू मुख्यालय जबलपुर में की। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू की 13 सदस्यीय टीम ने गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जांच के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाने पर वे गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। ईओडब्ल्यू ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम ने कार्यालय से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है।

शिकायतकर्ता ने एसडीएम पर भी लगाए आरोप

मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब शिकायतकर्ता संजय राय ने तेंदूखेड़ा एसडीएम पूजा सोनी पर भी गंभीर आरोप लगाए। शिकायतकर्ता का दावा है कि रिश्वत की मांग स्टेनो के माध्यम से की जा रही थी और उस पर कार्यालय के रेनोवेशन व पेंटिंग खर्च के नाम पर भी दबाव बनाया गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ईओडब्ल्यू द्वारा मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story