नरसिंहपुर: रेत खाली कर लौट रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुर: रेत खाली कर लौट रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


नरसिंहपुर, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा-गाडरवारा मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे लंबे समय तक यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, देवरी गांव के समीप रेत खाली कर लौट रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक रमेश राठौर निवासी ग्राम पीपरपानी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। नाराज लोगों ने हादसे के लिए तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रैक्टर को सड़क पर खड़ा कर चक्काजाम शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सड़क सुरक्षा और अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही साईंखेड़ा पुलिस, तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई और जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story