नरसिंहपुर में नीलगाय बचाने के प्रयास में पलटी यात्री बस, बड़ा हादसा टला, सभी 36 यात्री सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुर में नीलगाय बचाने के प्रयास में पलटी यात्री बस, बड़ा हादसा टला, सभी 36 यात्री सुरक्षित


नरसिंहपुर, 01 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के एनएच-45 राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक संभावित बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब इंदौर से सीधी जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। गजानन होटल के पास हुई इस दुर्घटना में बस में सवार ड्राइवर, क्लीनर समेत सभी 36 यात्री सुरक्षित बच गए।

जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब 3 बजे हुआ। बस क्रमांक एमपी 19 जेडजे 8060 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरी ओर जाकर पलट गई। दुर्घटना में बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस चालक ने बताया कि सड़क पर अचानक एक नीलगाय आ गई थी। उसे बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में सभी यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया। उन्होंने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक मदद उपलब्ध कराई। बस में सवार यात्री डॉ. विवेक पटेल ने बताया कि वे भोपाल से बस में चढ़े थे और उस समय लगभग 35 यात्री मौजूद थे। अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे, तभी अचानक जोरदार टक्कर की आवाज आई और बस पलट गई। उन्होंने राहत जताते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा से किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story