नरसिंहपुर में बरमान घाट पर नर्मदा में डूबे सागर के दो युवक, एसडीईआरएफ ने एक को बचाया, दूसरे की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
नरसिंहपुर में बरमान घाट पर नर्मदा में डूबे सागर के दो युवक, एसडीईआरएफ ने एक को बचाया, दूसरे की तलाश जारी


नरसिंहपुर, 16 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के प्रसिद्ध बरमान घाट पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां सागर जिले से घूमने आए दो युवक नर्मदा नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक सौरभ यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक अंशु रजक देर शाम तक लापता रहा। उसकी तलाश में नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

स्नान के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सागर जिले से युवकों का एक समूह बरमान घाट घूमने आया था। दोपहर के समय कुछ युवक नर्मदा के रेत घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने या पैर फिसलने से दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। मौके पर मौजूद लोगों ने भी युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण स्थिति गंभीर हो गई। एसडीईआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने नावों तथा अन्य उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सौरभ यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पानी से बाहर आने के बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं दूसरे युवक अंशु रजक का देर शाम तक कोई पता नहीं चल सका। गोताखोर लगातार नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं।

घाट पर जुटी भीड़, प्रशासन ने जारी की अपील

हादसे के बाद बरमान घाट पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई। घटना के चलते पूरे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल रहा। लगातार सामने आ रहे डूबने के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नर्मदा नदी में गहरे पानी में जाने से बचें और केवल सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story