राजगढ़ः फीस वापसी की मांग को लेकर नर्सिंग छात्रों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
राजगढ़, 21 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में अर्शी नर्सिंग कॉलेज के सामने सोमवार को फीस वापसी की मांग को लेकर नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर सड़क जाम कर दी। छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठकर और लेटकर नारेबाजी कर रहे थे।
सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम गोविंद कुमार दुबे ने विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। काफी देर बाद छात्र सड़क से हटे और यातायात बहाल हो सका। प्रदर्शन कर रहे।
विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022-23 में अर्शी नर्सिंग कॉलेज में नर्सिंग कोर्स में प्रवेश लिया था। विद्यार्थियों के अनुसार प्रवेश के दौरान करीब 30 छात्रों से लगभग एक-एक लाख रुपए फीस ली गई थी। पहले वर्ष के दौरान कॉलेज की मान्यता से संबंधित समस्या सामने आई और कॉलेज को अनुपयुक्त सूची में डाल दिया गया। इसके बाद विद्यार्थियों को कोर्ट के आदेश पर दूसरे कॉलेज में प्रवेश दिलाया गया।
छात्रों का दावा- पुरानी फीस अब तक नहीं मिली विद्यार्थियों का कहना है कि दूसरे कॉलेज में प्रवेश मिलने के बावजूद अर्शी नर्सिंग कॉलेज में जमा कराई गई फीस अब तक वापस नहीं की गई है। इसी राशि की वापसी की मांग को लेकर उन्होंने कॉलेज के सामने प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि जब उन्हें दूसरे कॉलेज में भेजा गया है तो पहले कॉलेज में जमा फीस वापस मिलनी चाहिए।
अर्शी नर्सिंग कॉलेज के संचालक असलम गौरी ने बताया कि कॉलेज वर्तमान में अनुपयुक्त सूची में है और कुछ शर्तें पूरी करना बाकी हैं। इन शर्तों को पूरा करने के बाद कॉलेज दोबारा शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद विद्यार्थियों का दूसरे कॉलेज में एडमिशन कराया गया और उनकी परीक्षाएं भी हो चुकी हैं। संचालक का कहना है कि ऐसी स्थिति में फीस वापस मांगना उचित नहीं है। प्रशासन ने दोनों पक्षों की बात सुनकर मामले में समझाइश दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

