उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पहली बार दतिया पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, समर्थकों ने किया शक्ति प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद पहली बार दतिया पहुंचे नरोत्तम मिश्रा, समर्थकों ने किया शक्ति प्रदर्शन


दतिया, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में हाल ही में भाजपा की हार के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा शुक्रवार को पहली बार दतिया पहुंचे। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में समर्थक उनके आवास पर जुट गए। समर्थकों ने जोरदार स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान आवास के बाहर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घर का सभागार भी समर्थकों से भर गया। स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

नरोत्तम मिश्रा के दतिया पहुंचने की खबर मिलते ही समर्थकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया था। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए। समर्थकों में पूर्व गृह मंत्री से मिलने और उनका स्वागत करने को लेकर खासा उत्साह नजर आया। नरोत्तम मिश्रा भी समर्थकों से मुलाकात करते हुए उनसे बातचीत करते रहे।

हार के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र पहुंचे

दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम 3 अगस्त 2026 को घोषित हुआ था। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को हार का सामना करना पड़ा, जबकि कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज की। परिणाम के बाद भाजपा में कथित भीतरघात को लेकर भी चर्चा सामने आई थी।

उपचुनाव में भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को प्रत्याशी नहीं बनाया था। टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थकों की नाराजगी भी सामने आई थी और कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। चुनाव परिणाम में भाजपा की हार के बाद पार्टी ने दतिया की जिला कार्यकारिणी को भंग कर दिया था।

अब चुनाव परिणाम के बाद नरोत्तम मिश्रा के पहली बार दतिया पहुंचने पर समर्थकों की बड़ी मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। उनके स्वागत के दौरान समर्थकों की संख्या और उत्साह ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में नई चर्चा को जन्म दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story