नर्मदापुरम: पिपरिया के सांडिया घाट पर लगा पूर्णिमा का मेला, 25 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई नर्मदा में आस्था की डुबकी

WhatsApp Channel Join Now

नर्मदापुरम, 31 मई (हि.स.) । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया क्षेत्र में पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) के 15 दिन पूरे होने के अवसर पर रविवार को सांडिया स्थित नर्मदा तट पर धार्मिक मेले का आयोजन हुआ। पूर्णिमा के इस विशेष संयोग पर मां नर्मदा के प्रति अगाध श्रद्धा प्रकट करते हुए लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई।

सुबह के सुहावने मौसम, आसमान में छाए बादलों और ठंडी हवाओं के बीच पिपरिया शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित सांडिया घाट पर तड़के से ही भक्तों का सैलाब उमड़ना शुरू हो गया था। 15 दिनों की साधना और नियमों के समापन पर पूर्णिमा स्नान करने के लिए श्रद्धालु अपने पूरे परिवार के साथ सीताराम घाट पहुंचे। वहां भक्तों ने विधि-विधान से नर्मदा स्नान किया, दीपदान व अन्न-धन का दान-पुण्य कर अपने परिवार तथा देश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और दीर्घायु की प्रार्थना की।

श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजस्व विभाग, ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन की टीमों ने मोर्चा संभाल रखा था। बाजार घाट, सीताराम घाट और प्रसिद्ध शिवानी पुलघाट पर विशेष इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। सांडिया पुलिस चौकी प्रभारी किशन उईके ने बताया कि पूर्णिमा के पावन पर्व पर शांतिपूर्ण ढंग से करीब 25 हजार लोगों ने नर्मदा स्नान का लाभ लिया। घाटों की तरफ आने वाले मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मुस्तैद किया गया।

हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पुरुषोत्तम मास का यह एक महीना विशेष आध्यात्मिक और धार्मिक साधना का काल होता है, जिसमें पूर्णिमा और आगामी अमावस्या पर नर्मदा नदी में स्नान करने का अत्यधिक महत्व माना गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story